ऊर्जाधानी आएंगे मुख्यमंत्री,करोड़ों के विकास कार्यों की देंगे सौगात
-सामूहिक विवाह सम्मेलन में वर- वधुओं को देंगे आशीर्वाद
-सीएसईबी ग्राउंड में 12 दिसंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा



कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 12 दिसंबर को प्रदेश की ऊर्जाधानी कोरबा में आगमन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन कर नगर को करोड़ो के विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ो को भी आशीर्वाद देंगे।जिला प्रशासन इस आयोजन की तैयारियों में जोर शोर से जुटा हुआ है। सीएसईबी के कोरबा पूर्व फुटबॉल ग्राउंड में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम दोपहर 12 बजे प्रस्तावित है। जिसके लिए ग्राउंड में डोम निर्माण का कार्य जारी है। कलेक्टर अजीत वसंत और एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारी का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था व बेरिकेडिंग को लेकर निर्देश भी दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।