विद्युत कंपनी एम डी के कोरबा प्रवास पर कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के प्रबंध निदेशक संजीव कटियार के हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा पश्चिम आगमन पर डी एस पी एम कोरबा पूर्व और कोरबा पश्चिम के कर्मचारियों ने फेडरेशन 01 के महासचिव आर सी चेट्टी के नेतृत्व में वी आई पी रेस्ट हाउस कोरबा पश्चिम में भारी संख्या में उपस्थित होकर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रबंध निदेशक संजीव कटियार ने फेडरेशन 01 के महासचिव आर सी चेट्टी को अपने प्रतिनिधियों के साथ अपने विश्राम गृह के सभा कक्ष में वार्ता हेतु आमंत्रित किया। वार्ता के दौरान चेट्टी जी ने प्रबंध निदेशक के समक्ष कर्मचारियों के पदोन्नति के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए उन्हें बताया कि तकनीकी कर्मचारियों के पदोन्नति में किए गए भेदभाव से कर्मचारी आक्रोशित हैं। पदोन्नत पदों की पूर्ण संख्या होने के बावजूद एक ही बैच के आधे कर्मचारियों के पदोन्नति आदेश जारी किए जाने से लोगों में काफी नाराजगी है साथ ही प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों के पदोन्नति पदों में की गई उलटफेर से कर्मचारी काफी नाराज हैं और आंदोलन के मूड में हैं उन्होंने प्रबंध निदेशक से अनुरोध किया कि शीघ्र ही शेष पात्र 70 पी ए टू एवम 46 पी ए वन कर्मचारियों के पदोन्नति आदेश जारी किए जाएं और पदोन्नति पदों के 840 पदों को पुनः यथावत किया जाए और बाकी विषयों पर वार्ता कर निराकरण हेतु संगठन प्रतिनिधियों को शीघ्र बैठक के लिए रायपुर आमंत्रित किया जाए इस पर प्रबंध निदेशक महोदय ने महासचिव एवं संगठन प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वे इस विषय पर मानव संसाधन के अधिकारियों से चर्चा कर उचित निराकरण हेतु निर्देशित करेंगे और अतिशीघ्र संगठन प्रतिनिधियों को वार्ता हेतु आमंत्रित करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में फेडरेशन 01 के डी एस पी एम कोरबा पूर्व और कोरबा पश्चिम के सभी साथी एवं वितरण कंपनी के भी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

